आईपीएल आठ मुकाबले में दिल्ली डेयरडेविल्स को दस विकेट से रौंदने के बाद उत्साहित रॉयल चैलेंजर्स बेंगलूरू के कप्तान विराट कोहली ने कहा कि उनकी टीम अब पूरे लय में आ चुकी है।
टूर्नामेंट में मिली कुल तीसरी और लगातार दूसरी जीत के बाद कोहली ने कहा, 'हमारी टीम अभी बिल्कुल संतुलित है और यह T-20 क्रिकेट के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण बात है। राजस्थान के खिलाफ पिछली जीत बिल्कुल सही समय पर हासिल हुई थी। अब हम पूरी तरह से लय में आ गए हैं और बिना कोई लापरवाही किए हुए इस गति को बरकरार रखने की कोशिश करेंगे।'
कोहली ने कहा, 'क्रिस गेल बाहर से शांत नजर आते हैं लेकिन उनमें रनों की जबर्दस्त भूख है वहीं मैं खुद को कुछ ज्यादा ही व्यक्त कर देता हूं और यही बात संतुलन बनाती है। गेंदबाजी में भी हमें किसी अनुभवी गेंदबाज की कमी खल रही थी लेकिन वरूण आरोन और मिशेल स्टार्क ने अपने काम को बखूबी अंजाम दिया है।'
वहीं 24 रनों पर दो विकेट झटक मैन ऑफ द मैच बने गेंदबाज वरूण आरोन ने कहा 'यह जीत हमारे लिए बहुत मायने रखती है। हमारी योजना जल्दी से जल्दी विकेट लेने की थी और हम ऐसा कर पाने में कामयाब भी हो गए। मैच जीतने के लिए यह बहुत ही महत्वपूर्ण होता है।'
Source: Latest Sport News Desk
No comments:
Post a Comment